विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ पौधरोपण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज महाराजगंज में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं पर्यावरणीय जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में सघन पौधरोपण किया गया तथा स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और इन्हीं से हमारा भविष्य सुरक्षित है।
कार्यक्रम समन्वयक अमरेंद्र शर्मा ने स्वयंसेवकों को पर्यावरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि केवल भाषणों से पर्यावरण दिवस सार्थक नहीं होगा, बल्कि इसे दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग मानव सभ्यता के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण ही इसका एकमात्र समाधान है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मनीष कन्नौजिया ने कहा कि वृक्ष हमें विनम्रता और परोपकार की सीख देते हैं। फलदार वृक्ष सदैव झुका रहता है और हमें भी अपने जीवन में विनम्र एवं सहायक बनने का प्रयास करना चाहिए।
उप प्रधानाचार्य कामाख्या प्रसाद जायसवाल ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण के माध्यम से ही स्वस्थ समाज और बेहतर जीवनशैली का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरा कार्यक्रम अनुशासित, प्रेरणादायक एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला रहा।




