केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलेंगे जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित होने वाले समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने वृक्षारोपण अभियान, जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, जन समस्या समाधान शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकास प्रदर्शनी, योग शिविर तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए सरकार की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सड़कों, नहरों एवं तालाबों के किनारे छायादार तथा फलदार पौधों का रोपण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में 05 जून को कुल 5.81 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने रात्रि चौपालों को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने पर बल देते हुए निर्देश दिया कि इन कार्यक्रमों में राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों का सहयोग लिया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। साथ ही कृषि गोष्ठियों का आयोजन ब्लॉक एवं जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने अभियान अवधि के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों, अस्पतालों, तालाबों, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। गंदे एवं अनुपयोगी स्थलों को स्वच्छ बनाकर वहां वृक्षारोपण किया जाए। इसके अलावा कार्यालय परिसरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक के प्रारंभ में प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में पनियरा विधायक, सदर विधायक, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), भाजपा जिलाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




