पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों एवं व्यवस्थापकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगाए गए सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र पुलिस प्रभारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व जनपद के सभी 13 परीक्षा केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करें। यदि किसी भी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल एवं मेडिकल टीम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर छाया की व्यवस्था कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की मॉनिटरिंग शासन स्तर से लखनऊ द्वारा की जा रही है, ऐसे में किसी भी प्रकार की शिकायत या गड़बड़ी गंभीरता से ली जाएगी।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में जनपद के लिए नामित जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कुल छह पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 5760 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि कुल छह पालियों में 34,560 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा0) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, वरिष्ठ कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




