पंचायतों का प्रशासक नियुक्त होने पर हुआ भव्य स्वागत

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें ग्राम पंचायतों का प्रशासक नियुक्त किए जाने के निर्णय का घुघली विकास खंड के प्रधानों ने स्वागत किया है। इसी क्रम में बुधवार को घुघली ब्लॉक के प्रशासक बनाए गए प्रधानों ने पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया। ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। प्रशासक बनाए गए प्रधानों ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय को ग्रामीण विकास की निरंतरता बनाए रखने वाला कदम बताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार गांव, गरीब और किसानों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद विकास कार्यों के प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन सरकार ने दूरदर्शी निर्णय लेते हुए प्रधानों को ही प्रशासक की जिम्मेदारी सौंप दी है। इससे गांवों में चल रही विकास योजनाएं बिना किसी बाधा के जारी रहेंगी तथा जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहेगा।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, आवास, शौचालय तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रशासकों से ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि गांवों में विकास कार्यों की गति किसी भी परिस्थिति में बाधित न होने पाए। प्रधानों को प्रशासक नियुक्त कर सरकार ने ग्रामीण विकास को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ग्राम पंचायतों में चल रही योजनाओं के प्रभावी संचालन तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में सहायक सिद्ध होगा।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय पूरी तरह जनहित में है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गति बनी रहे, इसके लिए प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का क्रियान्वयन निर्बाध रूप से जारी रहेगा तथा जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष राजाराम गुप्ता, चतुर्भुज सिंह, सिद्धू सिंह, जिला मंत्री दिनेश जायसवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मनोज जायसवाल, शैलेश पटेल, रवि पांडेय, सागर कन्नौजिया, रणधीर सिंह, मान सिंह, अब्दुल कलाम, बैजनाथ गुप्ता, श्रीकांत कन्नौजिया, प्रीतम जायसवाल, विनोद सहनी, नाथू चौधरी, सुभाष प्रजापति, स्वामीनाथ गुप्ता, रामशंकर चौधरी, रामाज्ञा पटेल, ज्वाला चौधरी, रमेश चन्द कन्नौजिया, राममूरत सिंह सहित तमाम प्रशासक मौजूद रहे।




