विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर
200 छात्रों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के नगर पंचायत चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कालेज में प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में छात्रोँ को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डा. हरिन्द्र यादव ने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस प्रत्येक वर्ष 8 मई को इंटरनेशनल कमेटी ऑफ रेड क्रॉस के संस्थापक और पहले नोबेल शांति पुरस्कार विजेता हेनरी ड्यूनेंट की जयंती के रूप में मनाया जाता है।
यह दिवस युद्ध , महामारी और प्राकृतिक आपदाओं में निःस्वार्थ भाव से सेवा देने वाले स्वयंसेवकों का सम्मान , मानवतावादी कार्यों को प्रोत्साहित करने और पीड़ितों की सहायता के लिए मनाया जाता है। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर की स्वास्थ्य टीम द्वारा दो सौ छात्र-छात्राओं को सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूक किया गया। डा. फाकरून , नेत्र परीक्षक अधिकारी डा. सतीश प्रजापति, काउंसलर विजयलक्ष्मी व एएनएम यशोदा पटेल की टीम द्वारा छात्रों का वजन, लम्बाई ,नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए डा. फाकरून ने छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक कृष्णानंद शुक्ल के संयोजन में छात्रों के मध्य विश्व रेड क्रॉस दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित किया गया । इसी क्रम में शिक्षक बिनोद कुमार विमल ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है। साथ ही प्रेरणा गीत गाकर छात्रों को जागृत किया। इस अवसर पर अभिभावक छात्र विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रमोद मौर्य




