रसोई गैस की पर्ची न कटने से भडके ग्राहक, टूटा सब्र का बांध, आक्रोशित महिलाओ ने निचलौल ठूठीबारी मार्ग को किया सडक जाम

निचलौल, महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना क्षेत्र निचलौल स्थित भारत गैस एजेंसी पर पर्ची न कटने और गैस उपलब्ध न होने से नाराज महिलाओं का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने एजेंसी के बाहर एकत्र होकर निचलौल ठूठीबारी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही महिलाएं गैस पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगी थीं, लेकिन एजेंसी समय पर नहीं खुली और न ही कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद मिला। लंबे इंतजार के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो गुस्साई महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू करते हुए सड़क जाम कर दी।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने से उनके घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। कई महिलाओं ने कहा कि वे अपने रोजमर्रा के कामकाज छोड़कर कई दिनों से एजेंसी पहुंची रही है, लेकिन उन्हें घंटों इंतजार के बाद भी निराशा ही हाथ लगी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात फिर से सुगम हो सका।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम में एजेंसी कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि विरोध के दौरान एजेंसी बंद रही और कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
देवेंद्र
निचलौल




