नगर पालिका बोर्ड की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर, जलनिकासी, पार्क और जनसुविधाओं को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण फैसले

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद महराजगंज की बोर्ड बैठक गुरुवार को अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद अधिकांश प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत नवनियुक्त मनोनीत सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान के उपरांत पिछली बैठक की कार्यवाही प्रधान लिपिक बैकुण्ठनाथ यादव ने अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार की उपस्थिति में सदन के समक्ष पढ़कर सुनाई। सभी सदस्यों ने पिछली कार्यवाही का अनुमोदन करते हुए उसकी सर्वसम्मति से पुष्टि की। इसके बाद नए एजेंडे पर चर्चा प्रारंभ हुई।
बैठक में नगर के प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों की समस्या को देखते हुए मुख्य चौराहे से बलिया नाला तक ह्यूम पाइप बिछाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। माना जा रहा है कि इस कार्य के पूरा होने से वर्षा के दौरान जलनिकासी व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
वार्ड संख्या-14 के सभासद अमितेश गुप्ता ने जलकल आवास के सामने स्थित पोखरे की सफाई कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पोखरे की साफ-सफाई नहीं होने के कारण वहां गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रस्ताव पर भी सदन ने सहमति जताई।
वार्ड संख्या-9 के सभासद ऋषिकेश पटेल ने नगर की बढ़ती आबादी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आबादी से दूर गैस आपूर्ति केंद्र स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का प्रस्ताव रखा। सदन ने इस प्रस्ताव को भी महत्वपूर्ण मानते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्णय लिया।
बैठक के दौरान डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ल ने निजी पशुओं की मृत्यु होने पर उनके वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि आवारा पशुओं के निस्तारण पर किसी प्रकार का शुल्क न लिया जाए। इस प्रस्ताव पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
इसी क्रम में सभासद अमितेश गुप्ता ने निर्माणाधीन मियावाकी पार्क का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। सदन के अधिकांश सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
वार्ड सभासद राणा पटेल ने गौशाला के पीछे स्नानघर और कर्मकांड के लिए शौचालय निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा, ताकि अंतिम संस्कार से जुड़े धार्मिक कार्यों में लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। वहीं सभासद बृजेन्द्र पटेल ने मंगलवारी बाजार क्षेत्र में आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक वाटर एटीएम स्थापित करने का सुझाव दिया, जिसे भी सदन ने गंभीरता से लिया।
बैठक में नगर विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई तथा अधिशासी अधिकारी को स्वीकृत प्रस्तावों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने सभी सभासदों से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सभासद दीपक, सुराती देवी, जितेंद्र कुमार, राजेंद्र गौतम, ऋषिकेश पटेल, रीनू, अमितेश कुमार गुप्ता, बृजेन्द्र पटेल, राहुल पाण्डेय, सदरे आलम, राणा पटेल, रहमतुन निशा, लालजी गुप्ता, सिद्धार्थनाथ शुक्ल, गोरख गुप्ता, प्रमिला, मुरारी लाल निगम, जगदीश निषाद, अभय जायसवाल, राजीव द्विवेदी सहित प्रधान लिपिक बैकुण्ठनाथ यादव, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार तथा नगर पालिका परिषद के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




