दिव्यांगजनों की समस्याओं के निराकरण हेतु 30 सितंबर को मोबाइल कोर्ट का आयोजन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दिव्यांगजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उ0प्र0 लखनऊ द्वारा 30 सितंबर 2026 को विकास भवन सभागार, महराजगंज में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों में जागरूकता बढ़ाना, उनके प्रति भेदभाव समाप्त करना तथा उन्हें योजनाओं एवं अधिकारों का प्रभावी लाभ दिलाना है। मोबाइल कोर्ट में 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग बच्चों की समेकित शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण, गरीबी उन्मूलन एवं कल्याणकारी योजनाओं में आरक्षण, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के अंतर्गत अधिकार एवं सुविधाएं, भेदभावपूर्ण व्यवहार, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। दिव्यांगजन निर्धारित प्रारूप पर आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।




