नाराज किशोरी ने नहर में लगाई छलांग, तेज बहाव में लापता
भिटौली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक करती रही तलाश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भिटौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी ने नाराज होकर देवरिया शाखा नहर में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह नहर की तेज धारा में बहकर लापता हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बाद में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मिली जानकारी के अनुसार भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी मंगलवार को किसी बात से नाराज थी। बताया जा रहा है कि घर में हुए विवाद के बाद वह अकेले घर से निकलकर देवरिया शाखा नहर की ओर चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी अचानक नहर में कूद गई। आसपास खेत में काम कर रहे किसानों ने यह दृश्य देखा तो शोर मचाते हुए मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक किशोरी तेज बहाव में बह चुकी थी।
घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिटौली चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
काफी देर तक खोजबीन के बावजूद किशोरी का पता नहीं चलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने मोटरबोट की सहायता से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन पानी का तेज बहाव खोजबीन में बड़ी बाधा बना रहा।
घटना के बाद इलाके में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजन बदहवास हालत में नहर किनारे मौजूद रहे और लगातार किशोरी के सकुशल मिलने की उम्मीद जताते रहे।
पुलिस का कहना है कि किशोरी की तलाश लगातार जारी है और एसडीआरएफ टीम द्वारा नहर के आसपास के क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया जा रहा है।





One Comment