डीएम, सीडीओ सहित 97 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की हुई एनसीडी स्क्रीनिंग
नियमित जांच व उपचार की दी गई सलाह

महराजगंज,(न्यूज पैच)। गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की समय रहते पहचान एवं नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन परिसर में विशेष एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित कुल 97 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कलेक्ट्रेट और विकास भवन में आयोजित स्क्रीनिंग में 14 व्यक्तियों में उच्च रक्तचाप (बीपी) तथा 11 व्यक्तियों में मधुमेह (शुगर) के लक्षण पाए गए, जिन्हें नियमित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य गैर संचारी रोग प्रारंभिक अवस्था में अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के विकसित होते हैं। ऐसे में 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच अवश्य करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं उपचार से इन रोगों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है तथा गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा संतुलित आहार लेने का आह्वान किया।
एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह ने बताया कि जनपद में 16 जून तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान का लाभ उठाकर अपनी जांच कराने की अपील की।
सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान बीपी एवं शुगर से प्रभावित पाए गए व्यक्तियों को आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। अभियान में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।
आर्यन श्रीवास्तव




