डी एम व सी डी ओ ने किया माधवलिया गो सदन का निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा आज मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट खाद, गोबर गैस प्लांट, बीमार पशु शेड और हरे चारे सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा।
जिलाधिकारी ने गोबर गैस प्लांट की मरम्मत को तत्काल कराने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने अप्रयुक्त शेड की मरम्मत कराते हुए उनमें गोवंश को संरक्षित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश को पूरी क्षमता के साथ संचालित करें। उन्होंने गोसदन में पशुओं के संख्या की जानकारी ली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोसदन में कुल 570 गोवंश हैं। उन्होंने बताया कि गोसदन में 4000 कुंतल भूसा, 87.00 कुंतल पशु आहार, 216 कुंतल साइलेज उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान एक बीमार गोवंश के चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली और निर्देशित किया कि गोवंश के उचित देखभाल और उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पृथक और उपयुक्त बीमार पशु वार्ड के निर्माण हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने तीन अप्रयुक्त पशु शेड को उपयोग में लाने का निर्देश दिया। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के विषय में बीडीओ निचलौल से जानकारी ली। बीडीओ निचलौल ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है और उनके माध्यम से ही उत्पादित खाद की बिक्री भी की जा रही है। साथ ही गोबर से गोकाष्ठ का उत्पादन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने वर्मी कंपोस्ट की बिक्री हेतु मार्केट लिंकेज उपलब्ध कराने और इसके लिए उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि वर्मी कंपोस्ट की बिक्री सुनिश्चित की जा सके। साथ ही मंदिरों, अंत्येष्टि स्थलों और नगर निकायों को भी समूह द्वारा उत्पादित गोकाष्ठ की बिक्री किए जाने हेतु कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अर्धनिर्मित अतिरिक्त वर्मी कंपोस्ट शेड को जल्द से जल्द पूर्ण कराकर उपयोग में लाने का निर्देश दिया, ताकि वर्मी कंपोस्ट उत्पादन को बढ़ाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि गोसदन में आत्मनिर्भर और एक मॉडल गोसदन बनने की पूरी संभावना है। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने गोसदन में संचालित विभिन्न गतिविधियों को मुख्य द्वार पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गोसदन में गैस बॉटलिंग प्लांट, मधुमक्खी पालन, गोबर पेंट जैसी आय अर्जक गतिविधियों को शुरू करने हेतु कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान गोवंशो को गुड़, केला और चना भी खिलाया और गोवंश का पूजन भी किया।
निरीक्षण के दौरान डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एजाज़ अहमद, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




