घुघली में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 घायल, 5 की हालत गंभीर
ट्रैक्टर-ऑटो और कार की टक्कर में घायल, जिला अस्पताल रेफर

घुघली, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहली घटना रात करीब 9 बजे तिलकवनिया गांव के पास हुई। यहां ऑटो से घर लौट रहे नागेंद्र (38) और शुभम (22) को पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। उसी दौरान साइकिल से आ रहे राजकुमार यादव (40) भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीनों घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद नागेंद्र और शुभम की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
दूसरी घटना रात करीब 9:30 बजे उपनगर के सुभाष चौक पर हुई। तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने तीन लोगों—सुधांशु (30), देवेंद्र सिंह (23) और समीउल्लाह (30)—को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे खड़े बिहारी चाय वाले के ठेले से टकराते हुए पास के नीम के पेड़ में जा फंसी।
घटना में घायल सभी लोगों को स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल सुधांशु, देवेंद्र और समीउल्लाह को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
चौकी प्रभारी शिवम राय ने बताया कि हल्के घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि गंभीर घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।




