भारत-नेपाल सीमा से 840 किलो अवैध कद्दू बीज बरामद
सशस्त्र सीमा बल के जवानों को एक बड़ी सफलता हासिल हुई

महराजगंज।(न्यूज पैच)। निचलौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल के जवानों को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पथलहवा चौकी के जवानों ने सीमा से सटे तिलबारी गांव के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई कद्दू के बीज की 21 बोरियां बरामद की हैं। जब्त किए गए इस अवैध बीज का कुल वजन 840 किलोग्राम है, जिसकी तस्करी की कोशिश को जवानों ने पूरी तरह नाकाम कर दिया है।
एसएसबी कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के सख्त निर्देशों के क्रम में सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सहायक कमांडेंट संदीप सिंह को एक पुख्ता सूचना मिली थी कि नेपाल के रास्ते अवैध रूप से कद्दू के बीज लाकर कनमिसवा टोला और तिलबारी गांव के पास झाड़ियों में छिपाए गए हैं।
सूचना मिलते ही एसएसबी की टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान शुरू किया। सीमा स्तंभ संख्या 497/1 से लगभग 200 मीटर की दूरी पर तिलबारी गांव के निकट झाड़ियों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान वहां छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की कई बोरियां मिलीं। जब अधिकारियों ने उनकी जांच की, तो उनमें भारी मात्रा में कद्दू का बीज भरा हुआ पाया गया।
कुल 21 बोरियों में यह अवैध सामान बरामद हुआ, जिसमें प्रत्येक बोरी का वजन 40 किलोग्राम था। एसएसबी के सतर्क जवानों ने सभी बोरियों को अपने कब्जे में ले लिया है। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद किए गए 840 किलोग्राम कद्दू बीज को आगे की जांच व कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय (कस्टम) निचलौल के सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में तस्करों में हड़कंप मच गया है।




