दीपावली और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दीपावली, छठ सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, गणमान्य लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाएं। किसी भी स्थिति में गैर-परंपरागत आयोजन न किया जाए। आयोजक निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को थानों पर संयुक्त बैठक करने तथा विभिन्न पूजा पंडालों और छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंडालों और छठ घाटों पर साफ-सफाई, यातायात, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर कमियों को समय रहते दूर किया जाए। विद्युत विभाग को बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कराकर मरम्मत कराने तथा जर्जर और लटकते तारों को ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने छठ घाटों और मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के साथ प्रकाश और चिकित्सा टीम की व्यवस्था करने तथा ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि आगामी एक महीने तक विभिन्न त्योहारों के आयोजन को देखते हुए सभी से सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में होने वाली छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजारों में सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध लोगों ने अपने सुझाव रखे और दीपावली, छठ सहित आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ मनाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




