महराजगंज से दिल्ली रवाना हुए कांग्रेसी, रामलीला मैदान की मेगा रैली में होंगे शामिल
जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में हमसफर एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए निकले कार्यकर्ता, अन्य स्टेशनों से भी रवाना होंगे सैकड़ों कांग्रेसी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जननायक राहुल गांधी के आह्वान पर आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली मेगा रैली में शामिल होने के लिए महराजगंज के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली कूच शुरू हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रथम खेप में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आनंदनगर रेलवे स्टेशन से हमसफर एक्सप्रेस के माध्यम से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए।
दिल्ली रवाना होने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट, पूर्व महासचिव त्रिभुवन मिश्रा, सदामोहन उपाध्याय, विधि नारायण वर्मा, यंत्री मौर्य, चंदन तिवारी, अफजल अब्बासी, डॉ. अकील अहमद, रहमान भाई सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने बताया कि रैली में भाग लेने के लिए कई कार्यकर्ता निजी वाहनों से भी दिल्ली रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को सिसवा और घुघली रेलवे स्टेशन से भी विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उन्होंने बताया कि रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली मेगा रैली में जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी स्तर पर तैयारियां की गई हैं।




