मनरेगा बकाया भुगतान और 16वें वित्त की किस्त को लेकर प्रधानों-प्रशासकों ने भरी हुंकार
दीपावली तक भुगतान का आश्वासन, मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर ब्लॉक सभागार में सोमवार को प्रधान एवं प्रशासक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मनरेगा के लंबित सामग्री भुगतान, 16वें वित्त आयोग की किस्त में देरी और पंचायत चुनाव सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वाराणसी के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित प्रधानों एवं प्रशासकों ने मनरेगा के पुराने बकाया सामग्री भुगतान और 16वें वित्त की लंबित किस्त जल्द जारी करने की मांग उठाई। इसके साथ ही माननीय उच्च न्यायालय के तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने संबंधी निर्देशों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
दीपावली के बाद आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि मनरेगा के बकाया भुगतान और 16वें वित्त की विलंबित किस्त के संबंध में शासन की ओर से दीपावली तक का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो दीपावली के बाद पूरे प्रदेश में ग्राम पंचायतों में वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) के तहत पक्के और कच्चे कार्यों का बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में मौजूद सभी प्रशासकों ने प्रदेश अध्यक्ष की इस घोषणा का समर्थन किया। वक्ताओं ने कहा कि लंबित भुगतान और वित्तीय किस्तों में देरी के कारण ग्राम पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है।
कई मुद्दों पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक में पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने लंबित भुगतान जारी करने, वित्तीय किस्तों में देरी दूर करने और पंचायत व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग उठाई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी, जिला महामंत्री अमरजीत साहनी, सदर ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सिंह, मिठौरा ब्लॉक अध्यक्ष रघुनाथ पटेल, सिसवा ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, घुघली अध्यक्ष राजाराम गुप्ता, निचलौल ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश यादव, नीरज पटेल, फरेंदा ब्लॉक अध्यक्ष रामप्रताप यादव, परतावल से बलवंत विश्वकर्मा, सच्चिदानंद मौर्य, धर्मेंद्र मौर्य, बैजनाथ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं प्रशासक उपस्थित रहे।




