नगर पालिका अध्यक्ष ने जन्म-मृत्यु पटल का किया निरीक्षण, नागरिकों की समस्याएं सुनीं

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद महराजगंज की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय स्थित जन्म-मृत्यु पटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित कार्यों की जानकारी ली और कार्यालय में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने अथवा उनसे जुड़े अन्य कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. मंगल ने कर्मचारियों से सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सेवा नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक नागरिक के साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और उसकी समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका कार्यालय में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।




