सेवा सेतु शिविर में योजनाओं का लाभ पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे, 15 लोगों ने लिया नेत्रदान-अंगदान का संकल्प
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किया शिविर का उद्घाटन, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड सदर परिसर में ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और सूचना विभाग की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही लाभार्थियों से संवाद कर सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनसरोकार और जनभागीदारी से जोड़ना है। ‘सेवा सेतु’ शिविर इसी भावना का उदाहरण है, जहां सरकार की योजनाओं और आमजन के बीच सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति को समय पर जानकारी मिले और वह उनका लाभ उठा सके। इसमें सरकारी विभागों के साथ जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
श्री चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। ऐसे में ‘सेवा सेतु’ जैसे शिविर एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनसेवा का अर्थ केवल सहायता पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याएं सुनना, उनके समाधान का प्रयास करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। यही सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना है।
लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र, दो बच्चों का हुआ अन्नप्राशन
शिविर में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायत कल्याण कोष, सीएम युवा, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी उनके हाथों संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 15 लोगों द्वारा नेत्रदान और अंगदान का संकल्प लेना रहा। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने अंगदान को पुनीत कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस दिशा में आगे आने की अपील की।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ, प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सदर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम से पूर्व श्री चौधरी ने ब्लॉक परिसर में प्रेरणा कैंटीन का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक फरेंदा बजरंग बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।




