वेलभरिया में 30 युवाओं को फल एवं खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण
दो दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण में उत्पाद तैयार करने, पैकेजिंग और स्वरोजगार की दी जानकारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, महराजगंज की ओर से विकासखंड मिठौरा की ग्राम पंचायत वेलभरिया में दो दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण 20 से 21 सितंबर तक चला, जिसमें 30 बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फल संरक्षण एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विभिन्न उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, पैकेजिंग तथा प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खाद्य प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार करने की विधियों का प्रदर्शन भी किया गया। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर ग्राम प्रधान ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने युवाओं से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में करने का आह्वान किया।




