महराजगंज में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ का होगा नाट्य मंचन
भाजपा जिलाध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी, नाट्य प्रस्तुति के जरिए मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्ष की यात्रा दिखाने की तैयारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत महराजगंज में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विशेष नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की यात्रा, सेवा और सुशासन से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत करने की योजना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुति में संवाद, अभिनय, संगीत और प्रकाश व्यवस्था के जरिए गुजरात के मुख्यमंत्री के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका तक के विभिन्न पड़ावों को दर्शाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष के अनुसार प्रस्तुति में सेवा, अंत्योदय, गरीबों एवं वंचित वर्गों से जुड़े विषयों तथा राष्ट्र निर्माण से संबंधित प्रसंगों को नाटकीय रूप में दिखाया जाएगा। कार्यक्रम को सरल और संगीतमय स्वरूप देने की बात कही गई है, ताकि अलग-अलग आयु वर्ग के दर्शक इससे जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों से संवाद स्थापित करने की योजना है।
संजय पांडेय ने कहा कि भाजपा के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, युवाओं, महिलाओं और आमजन से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की।
पत्रकार वार्ता में विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिला महामंत्री बबलू यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता और जिला मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




