गंडक के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने ग्राउंड जीरो पर परखी तैयारियां

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नेपाल में आई फ्लैश फ्लड के मद्देनजर गंडक नदी के तटीय क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने टेल फॉल के निकट एसडीआरएफ की बोट से नारायणी नदी में उतरकर राहत एवं बचाव की तैयारियों का निरीक्षण किया।
इसके बाद अधिकारियों ने सोहगीबरवा गांव में राहत चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर और संभावित परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को नदी के किनारे न जाने दें तथा नदी तटीय क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। अधिकारियों ने ग्रामीणों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की।
ग्राउंड जीरो पर अधिकारियों की मौजूदगी और राहत-बचाव की तैयारियों से ग्रामीणों को संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने को लेकर भरोसा मिला।




