त्योहारों को लेकर परतावल में डीएम-एसपी का फ्लैग मार्च
बारावफात और रक्षाबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। बारावफात, रक्षाबंधन सहित आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार शाम जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने परतावल बाजार में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। गोरखपुर-महराजगंज मार्ग से निकले फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासन और पुलिस ने लोगों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और कानून व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी सतर्क और सक्रिय रहते हुए छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लें।
जिलाधिकारी ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और नमाज स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही दोनों समुदायों के प्रबुद्ध एवं जिम्मेदार लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।




