रक्षाबंधन से पहले डीएम कार्यालय पहुंचीं बेटियां, जिलाधिकारी को बांधी राखी
गौरव सिंह सोगरवाल ने बहनों से किया आत्मीय संवाद, शिक्षा और सुरक्षा को लेकर दिया भरोसा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रक्षाबंधन पर्व से पहले जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आईं बालिकाओं और युवतियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को राखी बांधी। बहनों ने उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी ने भी सभी का स्नेहपूर्वक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राखी बांधने के बाद जिलाधिकारी ने बालिकाओं और युवतियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बेटियों को बेहतर शिक्षा हासिल करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
‘बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा प्राथमिकता’
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की बेटियां और बहनें परिवार और समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि किसी भी तरह की समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे बिना संकोच संपर्क कर सकती हैं। जिला प्रशासन उनकी हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेगा।
रक्षाबंधन के इस भावनात्मक अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बहनों को राखी का शगुन भी प्रदान किया। शगुन पाकर बालिकाओं और युवतियों के चेहरे पर खुशी और भावुकता नजर आई। उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए इस मुलाकात को यादगार बताया।
रक्षाबंधन से पहले हुआ यह आत्मीय मिलन भाई-बहन के स्नेह के साथ बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के संदेश को भी सामने लेकर आया।




