पनियरा क्षेत्र में खेत में मिला युवक का शव
मृतक की पहचान गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र निवासी अजय के रूप में हुई

पनियरा ( महराजगंज)। (न्यूज पैच)। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर के बनिया टोला पट्टे चौराहे के पास खेत में हत्या कर फेंकी गई एक युवक की लाश मिलने से रविवार की सुबह सनसनी मच गई। युवक की लाश गांव से निकलकर गांगी- मुजुरी मार्ग पर मिलने वाली कच्ची सड़क के किनारे खेत में मिली। शव से कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक खड़ी मिली और उसका दोनों पैर का जूता चकरोड पर पड़ा था।
मृत युवक के जेब में मिले पर्स में छह हजार नब्बे रुपये, आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर लाश को खेत में फेंक दिया गया है। रविवार की सुबह कुछ ग्रामीण खेत में शव को देखकर पुलिस को सूचना दी । मौके पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। बताया जा रहा है कि मृत युवक अजय कुमार पुत्र कैलाश प्रजपति गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड नंबर 18 बुद्ध नगर का निवासी था। उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व महराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रसूलपुर में हुई थी। उसकी एक तीन वर्ष की लाडो नामक बेटी भी है।
पुलिस की सूचना पर पहुंची उसकी मां जयंती देवी ने बताया कि उसके बेटे की पांच वर्ष पूर्व शादी हुई थी। केवल तीन माह बाद से उसकी पत्नी अंगीरा ससुराल में रह रही है और घर वालों पर दहेज उत्पीड़न व खर्चा के लिए मुकदमा की है। बताया कि अभी बीते शुक्रवार को मुकदमे की तारीख थी। मृतक की मां ने बताया कि उसका बेटा अजय गोरखपुर में रहकर किसी की गाड़ी चलाता था ।यहां कैसे आया? उसे पता नहीं। गांगी में उसके कुछ दोस्त हैं। दो भाई और चार बहनों में अजय छोटा था। पिता मिट्टी का बर्तन बनाकर जीवन-यापन करते हैं। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पी.एम. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




