संत रविदास जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प दीपोत्सव अभियान, मंदिरों में हुआ पूजन और दीपोत्सव
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने पुजारियों का किया सम्मान, संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प दीपोत्सव अभियान के तहत मंगलवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना, पुजारी सम्मान एवं दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा पुजारियों को माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक ने कटहरा शिव मंदिर, अमोढ़ा शिव मंदिर, गायत्री मंदिर, दुर्गा मंदिर और संत रविदास मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं जनपद की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देर शाम विभिन्न मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव भी मनाया गया।
इस अवसर पर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने समाज को जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के साथ समान व्यवहार करने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संतों और महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समरसता संकल्प दीपोत्सव अभियान का उद्देश्य समाज में सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारा और एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन सेवा, परिश्रम, सत्य और समर्पण का संदेश देता है तथा उनके बताए आदर्शों पर चलकर ही समरस, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष टाइगर तिवारी, हेमंत गुप्ता, राम आशीष, डॉ. सूरज सिंह, शिवांश अग्रहरी, सनत पांडेय, सूर्यनाथ शर्मा, शैलेश पटेल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




