चार करोड़ की अमृत सरोवर परियोजना में कथित अनियमितता
बरसात शुरू होने से पहले ही निर्माणाधीन सीढ़ियों में दरारें पड़ गई थीं

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद सिसवा के मीराबाई नगर, वार्ड संख्या-25 में लगभग 4 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर परियोजना में कथित अनियमितताओं एवं घटिया निर्माण का आरोप है। इसको लेकर कस्बे के बृजेंद्र सिंह आशीष ने जिलाधिकारी महाराजगंज को शिकायती पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
बृजेंद्र सिंह ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले ही निर्माणाधीन सीढ़ियों में दरारें पड़ गई थीं, जबकि लगातार हो रही वर्षा के कारण अब निर्माण का हिस्सा कई स्थानों पर धंसने लगा है। उनका कहना है कि यदि यह स्थिति घटिया निर्माण सामग्री अथवा मानकों की अनदेखी के कारण है, तो यह करोड़ों रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला हो सकता है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, परियोजना की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का भुगतान न किया जाए। साथ ही यदि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
बृजेंद्र सिंह आशीष ने कहा कि अमृत सरोवर योजना केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसकी गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।




