श्यामदेउरवा में महिला की संदिग्ध मौत, हत्या का मुकदमा दर्ज; दो आरोपी हिरासत में
सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लंगड़ी में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव घर के बाहर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना श्यामदेउरवा पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रुखमिना साहनी (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला का शव घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना श्यामदेउरवा में गांव के ही अजय साहनी एवं भरथरी साहनी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 23 जुलाई की रात मृतका का दोनों नामजद व्यक्तियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है तथा मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है।




