गैंगस्टर एक्ट के चार वांछित आरोपी गिरफ्तार, फरेंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गनेशपुर तिराहा से दबोचे गए चारों आरोपी, गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में थे फरार
फरेंदा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेंदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना फरेंदा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में थाना फरेंदा पुलिस टीम ने गुरुवार को गनेशपुर तिराहा से गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 190/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमित कुमार गुप्ता निवासी वार्ड नंबर-22, नानक नगर, कस्बा नौतनवा, रामअशीष निवासी लेजार महदेवा, थाना फरेंदा, राकेश यादव निवासी ग्राम मराठा, थाना कैंपियरगंज, जनपद गोरखपुर तथा नागेंद्र त्रिपाठी निवासी थरौली बुजुर्ग, थाना पुरंदरपुर, जनपद महराजगंज शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद में अपराध एवं संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी संचालित किए जाएंगे।
इस कार्रवाई में थाना फरेंदा के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीनबंधु प्रसाद, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल अतीक अहमद, कांस्टेबल राहुल गुप्ता, चंदन यादव, आरक्षी आशीष वर्मा एवं सुधांशु कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रवि श्रीवास्तव




