प्रधानों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा
समय पर पंचायत चुनाव कराये जाने एवं प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। अखिल भारतीय प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष रघुनाथ पटेल के नेतृत्व में प्रधानों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी मिठौरा को सौंपा।
मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन में प्रधानों ने लिखा है कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्ति की और है लेकिन अभी तक पंचायत चुनाव की प्रक्रिया प्रारम्भ नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में पुनः पंचायतों में प्रशासक व्यवस्था लागू होने की आशंका बढ़ रही है। पूर्व में भी प्रशासक व्यवस्था लागू होने के दौरान पंचायतों में अनेक प्रकार की समस्याएँ उत्पन्न हुई थी तथा ग्राम पंचायतों की स्वायतता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हुई थी। ग्राम पंचायतें भारतीय लोकतंत्र की मूल इकाई है।
गांव की जनता द्वारा चुने गये प्रतिनिधियों के माध्यम से ही ग्रामीण विकास योजनाएँ पारदर्शी एवं जवाबदेही के साथ संचालित होती हैं। यदि पंचायतों में पुनः प्रशासक व्यवस्था लागू की जाती है तो इससे ग्रामीण जनता की भागीदारी एवं पंचायतों की स्वतंत्र कार्यप्रणाली प्रभावित होगी।ऐसे में पंचायत व्यवस्था एवं ग्रामीण लोकतंत्र की रक्षा हेतु
पंचायत चुनाव समय पर कराया जाय, किसी कारणवश समय पर चुनाव संभव न हो तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाय, अधिकार एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुरक्षित रखा जाय एवं ग्राम पंचायतों तथा ग्रामीण जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की कृपा करे। इस अवसर पर श्यामानन्द, केशव यादव, नरेंद्र दास, मदन मोहन, पूनम देवी, गायत्री, संगीता, गुड़िया एवं उर्मिला समेत तमाम प्रधान मौजूद रहे।
प्रमोद मौर्य




