निचलौल में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित जनरेटर की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत
टोचन से खींचे जा रहे जनरेटर का संतुलन बिगड़ा, सामने से आ रही बाइक को मारी टक्कर

निचलौल, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के निचलौल-सिसवा मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ग्रामसभा लालपुर के टोला अमहवा के पास हुआ, जहां टोचन के जरिए ले जाया जा रहा भारी जनरेटर अचानक अनियंत्रित होकर अलग हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिसवा की तरफ से एक चार पहिया वाहन के साथ बड़े जनरेटर को बांधकर ले जाया जा रहा था। जैसे ही वाहन लालपुर के अमहवा टोला के पास पहुंचा, तभी जनरेटर का संतुलन बिगड़ गया और वह वाहन से अलग होकर सड़क पर अनियंत्रित हो गया। उसी दौरान सामने से आ रही बाइक इसकी चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान लक्ष्मण कुशवाहा (18), पुत्र विनोद कुशवाहा और रामवती देवी (45), पत्नी विनोद कुशवाहा, निवासी सोहरौना थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जनरेटर मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




