
महराजगंज, 01 अप्रैल 2026, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धनेवा-धनेई में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निर्माणाधीन मिनी इंडोर स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के कार्यों का अवलोकन किया गया। इस क्रम में निर्माण कार्य में प्रयुक्त ईंट एवं बालू की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार एवं निर्माण एजेंसी यू०पी० सिडिको को चेतावनी देते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में तत्काल प्रभाव से सुधार सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी महोदय ने परिसर में छात्राओं हेतु निर्मित छात्रावास का भी निरीक्षण किया। छात्रावास में कोई छात्रा आवासित नहीं थी। इस संदर्भ में उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि छात्रावास का शीघ्र आवंटन सुनिश्चित कर उसे उपयोग में लाया जाए। विद्यालय की क्षतिग्रस्त दक्षिणी बाउंड्री के मरम्मत का निर्देश दिया।
विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के रसोईघर के साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध एवं मानकानुसार पूर्ण कराए जाएं।
मिनी इंडोर स्टेडियम प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 4.92 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहा है। कार्यदाई संस्था यूपी सिडको है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 25 राजकीय विद्यालयों में शौचालय और पेयजल व्यवस्था स्थापित की जा रही है। साथ ही 02 विद्यालयों में भवन मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। राजकीय विद्यालयों के अतिरिक्त 18 शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निर्माण कार्य संचालित हो रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य हाई स्कूल और इंटर कॉलेज में अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर करना है।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, प्रधानाचार्या, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




