राष्ट्रीय लोक अदालत में विद्युत वादों के निस्तारण पर जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विद्युत विभाग के अधिकारियों की प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत संबंधी वादों के अधिकाधिक निस्तारण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विद्युत विभाग के विभिन्न अधिकारियों एवं अधिवक्ता ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों से लंबित विद्युत मामलों की जानकारी लेते हुए लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विद्युत एवं जल बिल विवाद, चोरी से संबंधित मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक एवं श्रम वाद, धारा 138 के मामले, राजस्व एवं चकबंदी वाद, स्टाम्प, अन्य सिविल वाद तथा विभिन्न प्री-लिटिगेशन मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराकर इसका लाभ उठाएं।




