स्कूल में सौर पैनल लगवाने के नाम पर शिक्षिका से ठगी का प्रयास,झांसे मे न आई शिक्षिका तो जान से मारने की मिली धमकी

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। विस खंड पनियरा के परिषदीय विद्यालय इलाहाबाद में तैनात शिक्षिका को सोलर पैनल और सीसीटीवी कैमरा लगाने के नाम पर ठगी का प्रयास किया गया,शिक्षिका जब झांसे मे न आई तो उसे अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिल। धमकी से डरी सहमी शिक्षिका ने विभाग और पुलिस को उक्त प्रकरण से अवगत कराते हुए कार्यवाही हेतु पत्र लिखा है।
जनपद के विकास क्षेत्र पनियरा में स्थित प्राथमिक विद्यालय इलाहाबाद में कार्यरत शिक्षिका निक्की उपाध्याय ने थाना पनियरा में एक तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर ठगी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रार्थिनी के अनुसार दिनांक 31.07.2026 को करीब 11 बजे उनके मोबाइल नंबर पर 7880622806 मोबाइल नंबर से काल कर एक व्यक्ति ने विद्यालय में सोलर प्लांट एवं CCTV कैमरा लगाने के लिए फंड आने का जिक्र किया।इस दौरान उस व्यक्ति ने कहा कि सोलर पैनल व कैमरे की रखवाली के लिए एक चौकीदार और स्वीपर की नियुक्ति की जाएगी जिसको ₹10,000 मानदेय मिलेगा ।
बातचीत के दौरान आरोपी ने प्रार्थिनी से उनके रसोइया का मोबाइल नंबर भी ले लिया। विद्यालय बंद होने के बाद आरोपी बार-बार दोनों के नंबरों पर कॉल करने लगा। संदेह होने पर जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तो कल रात आरोपी ने फोन उठाने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकी दिया।
धमकी से डरी-सहमी प्रार्थिनी रात भर भयभीत रही और आज डर के कारण विद्यालय भी नहीं जा पाई।
प्रार्थिनी ने पुलिस से मामले में उचित विधिक कार्यवाही की मांग की है। साथ ही शिक्षिका ने खंड शिक्षा अधिकारी पनियरा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महाराजगंज को पत्र लिख कर मामले की सूचना देकर मामले से अवगत कराया है। शिक्षिका ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई और जिला इकाई को पत्र लिख कर सहयोग की अपील की है।




