नेपाल तस्करी के लिए रखी गई पांच बोरी यूरिया बरामद कस्टम अधिनियम में केस दर्ज, खाद कस्टम को सौंपी गई

महराजगंज (न्यूज पैच)। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम द्वारा सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सोमवार को सोनौली क्षेत्र में पुलिस टीम ने नेपाल में तस्करी किए जाने के उद्देश्य से लावारिस हालत में रखी गई भारतीय यूरिया खाद की खेप पकड़ी गई।
पुलिस के अनुसार मौके से भारतीय यूरिया खाद की 05 बोरियां बरामद की गईं। प्रत्येक बोरी का वजन 45 किलोग्राम है। तस्कर पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। बरामद खाद को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया है। थाना सोनौली पर अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान करने में जुटी है।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रात्रि गश्त, चेकिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। सीमा पर ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।उन्होंने कहा कि खाद, शराब, मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




