प्रवक्ता परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। आगामी 14 जून (रविवार) को जनपद के 12 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा को नकलविहीन, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरावल ने की।
बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सहायक केंद्र व्यवस्थापकों, परीक्षा सहायकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने उत्तरदायित्व को गंभीरता से समझें तथा पूरी सतर्कता और ईमानदारी के साथ परीक्षा सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि “छोटी सी गलती भी अक्षम्य होगी।” जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल तथा विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक रूप से जनरेटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उन्हें पूरी सजगता के साथ कार्य करना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कक्ष निरीक्षकों का पूर्व प्रशिक्षण कराया जाए ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा केवल अधिकृत परिचय पत्र धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
बैठक के दौरान लोक सेवा आयोग प्रयागराज से आए अनुभाग अधिकारी संतोष कुमार ने परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 5,168 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों पर विस्तार से जानकारी साझा की।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिस बल एवं सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए इस बार व्यापक स्तर पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।




