धनेवा-धनेई आईटीआई परिसर में लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय महराजगंज एवं राजकीय आईटीआई महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन 09 जून 2026 को किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से राजकीय आईटीआई धनेवा-धनेई परिसर में आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी ध्रुव ट्रान्समिशन लिमिटेड अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
जानकारी के अनुसार ध्रुव ट्रान्समिशन लिमिटेड ऑटोमोटिव वायरिंग हार्नेस एवं इलेक्ट्रिक कंपोनेंट्स निर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है, जो भारत सहित वैश्विक बाजार में प्रमुख ऑटोमोबाइल उद्योगों को अपनी सेवाएं प्रदान करती है। रोजगार मेले में कंपनी के प्लेसमेंट अधिकारी उपस्थित रहकर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया एप्टीट्यूड टेस्ट एवं साक्षात्कार के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। इसमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिक ट्रेड से संबंधित अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। आयोजकों ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ पासपोर्ट साइज के दो फोटो, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर राजकीय आईटीआई धनेवा-धनेई परिसर में उपस्थित हों।
जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क होगी। अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा मेले में शामिल होने के लिए कोई यात्रा व्यय भी देय नहीं होगा।
रोजगार मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि वे अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकें।




