परिजनों ने शव रख कर व्यक्त किया आक्रोश
मान मनौवल में सीओ सदर सहित कई थानों की पुलिस रही मौजूद। परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की रखी मांग। हलकान रही पुलिस काफी मशक्कत के बाद माने परिजन व ग्रामीण।

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मोहनापुर के टोला मनठहिया निवासी 22 वर्षीय अमन भारती बीती रात मोहनापुर में टेंट का सामान उतारते समय ट्रांसफार्मर से पाइप सट जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन – फानन में परिजन एवं टेंट मालिक आस – पास खड़ी एक कार से जिला अस्पताल ले गए, अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर ने अमन भारती को मृत्यु घोषित कर दिया।
इसी बीच कार के मालिक मौके पर पहुंचे और शव को गाड़ी से निकलने के लिए बोले, लेकिन परिजन अपने बेटे के सदमे में डूबे थे और शव को बाहर न निकाल सके। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान कार के मालिक ने सदमे में डूबे मृतक के पिता के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारे पीटे और शव को कार से उतरवा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पीएम होने के बाद रविवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और टेंट मालिक के घर के सामने शव रखकर चक्का जाम कर दिये। साथ ही कार मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने व गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गये। परिजनों व ग्रामीणों के चक्का जाम से सिन्दुरिया शिकारपुर मार्ग घंटो तक बाधित रहा।
सूचना मिलने के बाद सीओ सदर अंकुर गौतम, सिन्दुरिया, निचलौल, भिटौली एवं घुघुली के थानाध्यक्ष पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मान मनौवल के बाद चक्का जाम को समाप्त कराया गया।
प्रमोद मौर्य
सिंदुरिया




