डीएम के निर्देश पर अवैध भंडारण व कालाबाजारी के विरुद्ध चला अभियान, फरेंदा मे 146लीटर पेट्रोल व 122लीटर डीजल के भंडारण का वैध लाइंसेस न होने पर हुई कार्यवाही

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर जनपद में आवश्यक वस्तुओं के अवैध भण्डारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज विश्रामपुर चौराहा, सिधवारी, विकास खण्ड फरेन्दा में प्रशासन द्वारा छापेमारी की गई।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, खाद्य क्षेत्र (प्रथम) तथा पूर्ति निरीक्षक फरेन्दा ने पुलिस बल की उपस्थिति में एक किराना दुकान की जांच की। जांच के दौरान दुकान से अवैध रूप से भण्डारित कुल 146 लीटर पेट्रोल एवं 122 लीटर डीजल बरामद किया गया। मौके पर उपस्थित दुकान संचालिका श्रीमती तान्या जायसवाल द्वारा पेट्रोल एवं डीजल के भण्डारण एवं विक्रय संबंधी कोई वैध लाइसेंस अथवा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
जांच में यह भी पाया गया कि पेट्रोल एवं डीजल विभिन्न गैलनों, डिब्बों एवं पानी की बोतलों में संग्रहित कर ऊंचे दामों पर बिक्री के उद्देश्य से रखा गया था। संबंधित व्यक्ति द्वारा लिखित बयान में बिना लाइसेंस पेट्रोल के विक्रय तथा अवैध भण्डारण की बात स्वीकार की गई है।
प्रशासन द्वारा बरामद समस्त 146 लीटर पेट्रोल एवं 122 लीटर डीजल को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर अग्रिम आदेशों तक सुरक्षित अभिरक्षा हेतु संबंधित पेट्रोल पम्प को सुपुर्द किया गया। प्रकरण में उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल आयल एवं लाइट डीजल आयल (सम्भरण एवं वितरण) आदेश, 1981 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की कार्यवाही की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, अवैध भण्डारण एवं अनधिकृत बिक्री के विरुद्ध जनपद में सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
आर्यन श्रीवास्तव




