गिनीज बुक आफ रिकार्ड्स होल्डर शिवम पटेल को साहसिक कार्यो के लिए किया सम्मानित,करौता से कारगिल तक शहीदो के सम्मान मे शिवम करेगे साइकिल यात्रा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। एकलब वेलफेयर एंड मेडिकल रिसर्च ट्रस्ट द्वारा युवा साइक्लिस्ट एवं माउंटेनियर शिवम पटेल को उनके उत्कृष्ट खेल एवं साहसिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें ₹10,000 की सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम कृष्णा फ्रैक्चर क्लिनिक में आयोजित हुआ, जहां ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. डी.के. साहनी ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके आगामी वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिवम पटेल की उपलब्धियां इस सम्मान समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। वह गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स तथा इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। मात्र 17 वर्ष की आयु में उन्होंने पूरे भारत में 28,000 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर 22 राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया, जो अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है।
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में सबसे कम उम्र में साइकिल द्वारा एवरेस्ट बेस कैंप और खुम्बू ग्लेशियर तक पहुंचना, काला पत्थर तक साइकिल से पहुंचने वाले सबसे युवा साइक्लिस्ट बनना, वर्ष 2025 में अन्नपूर्णा सर्किट को सबसे तेज पूरा करना तथा 2017, 2018 और 2019 में एमटीबी गोल्ड मेडल जीतना शामिल है। इन उपलब्धियों ने उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है।
शिवम पटेल ने अपने आगामी मिशन की जानकारी देते हुए बताया कि वह “करौता से कारगिल साइकिल यात्रा” की योजना बना रहे हैं, जिसे देश के शहीद सैनिकों को समर्पित किया गया है। इसके बाद वह कारगिल से मिंगला पास तक साइकिल यात्रा कर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने शिवम पटेल के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. डी.के. साहनी ने कहा कि शिवम जैसे युवा न केवल महाराजगंज बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं और ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर ट्रस्ट की सचिव डॉ. कृष्णा साहनी सहित दिलीप, संतोष, मुन्ना, प्रज्योत, वंदना, पुष्पा, रीना, अभिषेक, ध्रुव, अमरनाथ, दीपक, राकेश, विनीता, सन्नी आदि उपस्थित रहे। सभी ने शिवम पटेल को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा की सफलता की कामना की।




