
महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में एसआईआर (विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान) के पश्चात आज राजनीतिक दलों के समक्ष निर्वाचक नामावली के अंतिम आलेख्य का प्रकाशन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के प्रकाशन पर सभी राजनीतिक दलों को बधाई देते हुए कहा कि मतदाताओं को सूची में दर्ज कराने तथा आरओ, ईआरओ, सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों/कर्मचारियों के अथक परिश्रम के फलस्वरूप शत-प्रतिशत मतदाता सूची का सफल प्रकाशन संभव हो सका है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिलाधिकारी ने फरेन्दा, नौतनवा, सिसवा, महराजगंज एवं पनियरा विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 17,92,128 है। विधानसभावार विवरण इस प्रकार है।
315- फरेन्दा: पुरुष 1,79,447, महिला 1,51,041, थर्ड जेंडर 23 — कुल 3,30,511
316- नौतनवा: पुरुष 1,80,453, महिला 1,46,731, थर्ड जेंडर 03 — कुल 3,27,187
317- सिसवा: पुरुष 1,97,682, महिला 1,66,810, थर्ड जेंडर 06 — कुल 3,64,498
318- महराजगंज: पुरुष 2,05,075, महिला 1,72,457, थर्ड जेंडर 19 — कुल 3,77,551
319- पनियरा: पुरुष 2,13,840, महिला 1,78,537, थर्ड जेंडर 04 — कुल 3,92,381
अंतिम आलेख्य के प्रकाशन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अफजल अब्बास (जिला महासचिव), विनोद कुमार सिंह उपाध्याय (कांग्रेस), विद्यासागर यादव (जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी), आकाश श्रीवास्तव (नगर अध्यक्ष), राघवेन्द्र तिवारी (भारतीय जनता पार्टी), पशुपतिनाथ गुप्ता एवं दामोदर गोयल (जिला सचिव, आम आदमी पार्टी) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग और समर्थन को लेकर धन्यवाद ज्ञापित किया। जिलाधिकारी महोदय ने सभी निर्वाचन कार्यालय की पूरी टीम सहित एसआईआर कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके अथक प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना इस पूरी प्रक्रिया को पूरा करना संभव नहीं था।
प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार ने अवगत कराया कि कांग्रेस, भाजपा और सपा के प्रतिनिधियों को अंतिम आलेख्य उपलब्ध करा दिया गया है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री प्रशांत कुमार, अपर उपजिलाधिकारी प्रेमशंकर पाण्डेय, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, प्रधान सहायक राजेश कुमार वर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर मुहम्मद आलम तथा निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




