दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई की दुकानों से खोया और छेना के चार नमूने लिए गए

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान फरेंदा और नौतनवा स्थित मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खोया एवं छेना मिठाई के कुल चार नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने महराजगंज रोड, फरेंदा स्थित तारा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां से खोया और छेना मिठाई के नमूने लिए गए।
इसके बाद टीम ने नौतनवा की मेन मार्केट स्थित कस्तूरी स्वीट हाउस का निरीक्षण किया। यहां से भी खोया एवं छेना मिठाई के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अभियान के तहत बुधवार को कुल चार नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद एवं पवन कुमार गोंड शामिल रहे। विभाग की ओर से पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।




