पुलिस ने फेक कॉल, व साईबर क्राइम को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

पनियरा ( महराजगंज )।(न्यूज पैच)। साइबर अपराधों से बचाव और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पनियरा पुलिस की साइबर टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा में जागरूकता अभियान चलाया । इस दौरान छात्र-छात्राओं को फेक प्रोफाइल , साइबर स्कैम , फेक कॉल सहित विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें । किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और फोन पर बैंक खाता , एटीएम कार्ड , ओटीपी , पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठग अलग – अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनकी निजी और आर्थिक जानकारी हासिल कर रहे हैं ।
वीडियो की प्राइवेसी को लेकर भी विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया। सोशल मीडिया पर निजी फोटो-वीडियो साझा करते समय सावधानी बरतने और अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की सलाह दी गई। किसी व्यक्ति द्वारा फोटो या वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किए जाने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस या संबंधित साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने को कहा गया।
पुलिस टीम ने साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत करने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों और ऑनलाइन शिकायत की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों से कहा गया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर समय गंवाए बिना शिकायत करें।
इस दौरान उपनिरीक्षक संदीप यादव , महिला उपनिरीक्षक सारिका सिंह , महिला कांस्टेबल अंबालिका पाण्डेय व कांस्टेबल रवि प्रकाश विश्वकर्मा शामिल रहे।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




