ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

सोहगीबरवा में बाढ़ राहत कार्यों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा, एक सप्ताह में जनजीवन सामान्य करने का लक्ष्य

विधायक प्रेम सागर पटेल के साथ नाव से प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण, करीब 4000 लोगों को राशन किट व आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की जानकारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के साथ सोहगीबरवा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और प्रशासन द्वारा संचालित राहत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को राहत, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी निचलौल को सोहगीबरवा क्षेत्र की तीनों ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का व्यापक स्तर पर छिड़काव कराया जाए। गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने तीनों ग्राम पंचायतों में व्यापक सर्वे कराकर पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की जरूरतों का आकलन कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें राहत के साथ दीर्घकालिक सहायता भी मिल सके।

लोगों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सोहगीबरवा में मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं और चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को प्रभावित क्षेत्र में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करें। उन्होंने कम्युनिटी किचन का संचालन जारी रखने और प्रभावित लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि किसी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। पानी का स्तर लगातार कम हो रहा है और प्रशासन पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की टीम क्षेत्र में लगातार कैंप कर आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराती रहेगी। साथ ही एक सप्ताह के भीतर जनजीवन को सामान्य स्थिति में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर विधायक प्रेम सागर पटेल ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण क्षेत्र को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन लगातार प्रभावित लोगों के बीच मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 4000 लोगों को राशन किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और आगे भी जरूरत के अनुसार आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

विधायक ने कहा कि प्रशासन की टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय है और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राहत सामग्री प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। सफाईकर्मियों से लेकर स्वास्थ्यकर्मियों तक सभी लोग अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान विधायक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अन्य अधिकारियों के साथ नाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!