मनरेगा बकाया भुगतान और 16वें वित्त की किस्त को लेकर प्रधान-प्रशासकों की बैठक
एक सप्ताह में ठोस कदम नहीं उठने पर ग्राम पंचायतों में VB-G RAM G के कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकास भवन सभागार में बुधवार को प्रधान एवं प्रशासक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मनरेगा के पुराने मटेरियल भुगतान, 16वें वित्त की लंबित किस्त सहित ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा और गोरखपुर जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रधानों एवं प्रशासकों ने मनरेगा के लंबित मटेरियल भुगतान और 16वें वित्त की विलंबित किस्त का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधियों ने प्रदेश अध्यक्ष से इन समस्याओं को शासन स्तर पर उठाने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मनरेगा के बकाया भुगतान और 16वें वित्त की लंबित किस्त को लेकर शासन स्तर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है, तो इसके बाद प्रदेश स्तर पर आंदोलन की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन के तहत ग्राम पंचायतों में VB-G RAM G के पक्के और कच्चे कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है। बैठक में मौजूद प्रधानों एवं प्रशासकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों से संबंधित अन्य समस्याओं और विभिन्न मुद्दों पर भी बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सदर ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सिंह, मिठौरा ब्लॉक अध्यक्ष रघुनाथ पटेल, सिसवा ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, घुघली अध्यक्ष राजाराम गुप्ता, निचलौल से नीरज पटेल, परतावल से बलवंत विश्वकर्मा, फरेंदा से चंद्रप्रकाश सिंह सहित सच्चिदानंद मौर्य, निक्कू सिंह, गौतम पटेल, धर्मेंद्र मौर्या, टीटू राय, बैजनाथ समेत अन्य पदाधिकारी और प्रशासक मौजूद रहे।




