पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ विश्वकर्मा पूजन, शस्त्रों और वाहनों की भी हुई पूजा
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने हवन-पूजन में लिया हिस्सा,सुरक्षा और सुचारू संचालन की कामना

महराजगंज, 17 सितंबर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज की परिवहन शाखा में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन विधि-विधान से किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने हवन-पूजन के बाद शस्त्र पूजन किया। इसके पश्चात परिवहन शाखा में इस्तेमाल होने वाले पुलिस वाहनों और अन्य शासकीय उपकरणों की भी पूजा की गई। इस दौरान संसाधनों की सुरक्षा, वाहनों के सुचारू संचालन तथा जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी निचलौल, प्रतिसार निरीक्षक और प्रभारी परिवहन शाखा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वकर्मा जयंती पर पुलिस विभागों में शस्त्रों, वाहनों और तकनीकी उपकरणों के पूजन की परंपरा के तहत ऐसे आयोजन किए जाते हैं।




