नारायणी नदी की स्थिति पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नेपाल के रसुवा जिले में आई फ्लैश फ्लड के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने नारायणी नदी और सीमावर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। टेल फॉल के पास अधिकारियों ने एसडीआरएफ की बोट से नदी में उतरकर राहत-बचाव व्यवस्था देखी।
डीएम ने राजस्व, पुलिस, एसएसबी और एसडीआरएफ को नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से नदी और निचले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा बच्चों-बुजुर्गों को नदी किनारे न जाने देने की अपील की।
सोहगीबरवा में राहत चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग, बिजली, हाईस्कूल, सहकारी समिति, क्रय केंद्र, सामुदायिक शौचालय और पशु चिकित्सालय जैसी समस्याएं उठाईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए कैंप लगाने को कहा।
बाद में डीएम ने सीएचसी सोहगीबरवा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की सेवा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




