60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सौगात, महराजगंज में योजना का हुआ शुभारंभ
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने शुरू की ‘अहिल्याबाई होलकर बस यात्रा योजना’, एक सहयोगी भी कर सकेगा निशुल्क सफर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए ‘अहिल्याबाई होलकर बस यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में लाइव प्रसारण किया गया। महराजगंज में नवीन मंडी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।
योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि महिला के साथ यात्रा करने वाला एक सहयोगी भी निशुल्क सफर कर सकेगा। इससे वरिष्ठ महिलाओं को धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक यात्राओं में आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

‘मातृशक्ति के सम्मान की दिशा में बड़ा कदम’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह उर्फ अतुल सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को सम्मान और सुविधा की महत्वपूर्ण सौगात दी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से उनके आवागमन में राहत मिलेगी और यह महिला सम्मान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने योजना को वरिष्ठ महिलाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर शुरू की गई यह योजना मातृशक्ति के प्रति सम्मान का संदेश देती है।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वरिष्ठ महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा से वे धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक यात्राएं अधिक आसानी से कर सकेंगी। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
महिलाओं को साड़ी और मिठाई वितरित
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मंच पर 10 महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर साड़ी और मिठाई के पैकेट भेंट किए। इसके अलावा कार्यक्रम में उपस्थित अन्य महिलाओं को भी साड़ी और मिठाई प्रदान की गई।
योजना की प्रमुख बातें
60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा। महिला के साथ एक सहयोगी भी निशुल्क यात्रा कर सकेगा। रक्षाबंधन के अवसर पर योजना का शुभारंभ।धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक यात्राओं में वरिष्ठ महिलाओं को सुविधा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी राम दरश चौधरी, ब्लॉक प्रमुख सदर प्रतिनिधि विवेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।




