छोटी गंडक नदी में बैकुंठी घाट के पास दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

महराजगंज।(न्यूज पैच)। घुघली विकासखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली छोटी गंडक नदी में शनिवार को बैकुंठी घाट के पास एक बड़े जलीय जीव के दिखाई देने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। नदी किनारे मौजूद लोगों की नजर पानी में दिखाई दे रहे जीव पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की खबर क्षेत्र में फैल गई।
स्थानीय लोगों में कुछ ने पानी में दिखाई दिए जलीय जीव को मगरमच्छ, जबकि कुछ लोगों ने घड़ियाल बताया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक वन विभाग की ओर से जलीय जीव की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई थी।
नदी में मगरमच्छ जैसे जीव के दिखाई देने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग नदी के आसपास जाने और पानी में उतरने से बच रहे हैं।
बरसात में नदी किनारे आ सकते हैं मगरमच्छ
फारेस्टर गौरव तिवारी ने बताया कि छोटी गंडक नदी मगरमच्छों का प्राकृतिक आवास है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने के कारण मगरमच्छ अक्सर नदी के किनारे अथवा खुले हिस्सों में दिखाई दे सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी के आसपास विशेष सतर्कता बरतें। यदि मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके नजदीक जाने, उसे पकड़ने या किसी तरह परेशान करने का प्रयास न करें। उन्होंने लोगों से नदी में उतरने से पूरी तरह बचने की अपील की।
फारेस्टर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम मौके पर पहुंचकर जलीय जीव की पहचान और स्थिति की जानकारी जुटाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल वन विभाग की आधिकारिक पहचान सामने आने तक यह स्पष्ट नहीं है कि नदी में दिखाई दिया जीव मगरमच्छ है या घड़ियाल।




