शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, घुघली पुलिस की कार्रवाई

महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना घुघली पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को थाना घुघली में दर्ज मु0अ0सं0 165/2026 में शिकायत मिली थी कि आरोपी एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले में पुलिस लगातार पीड़िता और आरोपी की तलाश कर रही थी।
सूचना के आधार पर 5 अगस्त 2026 को थाना घुघली पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मामले में धारा 65(1), 87 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L)/6 की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशहद अली उर्फ अरसद (22 वर्ष) पुत्र हमीद अली, निवासी ग्राम बैजनाथपुर उर्फ चरका, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सभाजीत सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार यादव एवं महिला आरक्षी गुलिया की टीम शामिल रही।




