नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र का हुआ भव्य सम्मान
चिकित्सा प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता से बढ़ाया जिले का मान

मिठौरा, महराजगंज। (न्यूज पैच)। केडी स्कूल नन्दाभार, खजुरिया के हाईस्कूल का क्षेत्र रहचुके मेधावी छात्र अरशद रजा पुत्र हसमत अली ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीटयूजी)- 2026 में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए 720 में 592 अंक अर्जित किए तथा अखिल भारतीय रैंक 12763 हासिल कर विद्यालय, अपने परिवार और पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक विपिन श्रीवास्तव ने अरशद रजा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल अरशद रजा की नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से हर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एस. के. साहनी ने कहा कि अरशद रजा ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो तो बड़ी से बड़ी परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अरशद की सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। समाजसेवी रफीक ने कहा कि अरशद रजा की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है तथा ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों में भी आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक जेपी, सुनील श्रीवास्तव, जितेंद्र मधेशिया, मनोज गुप्ता, हरिपाल राव, राजेश शर्मा तथा मोनू शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अरशद रजा एवं उनके परिजनों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि अरशद रजा की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और क्षेत्र के अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।




